कानपुर - सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीएड कालेज के पास शुक्रवार देर रात्रि दो बजे फार्च्यूनर गाड़ी के पेड़ से टकराने से सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं ब्लाक प्रमुख के नेता के बेटे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गाड़ी चालक बुरी तरह घायल हो गया।
घायल चालक को कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया। सपा नेता के बेटे की मौत की खबर फैलते ही विभिन्न दलों के नेताओं का जमावड़ा लग गया।
मोहल्ला गांधी नगर निवासी सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं ब्लाक प्रमुख चौधरी छत्रपाल यादव का बेटा अभिषेक यादव उर्फ मोनू शनिवार रात को झांसी से फार्च्यूनर गाड़ी से वापस आ रहा था। जिला मुख्यालय से मात्र चार किलोमीटर दूर बीएड कालेज के पास सामने से आ रहे ट्रक को पास करते समय तेज रफ्तार से आ रही गाड़ी एक पेड़ से टकरा गई।
फलस्वरूप सपा नेता का बेटा अभिषेक और चालक सुशील नाई बुरी तरह घायल हो गए। चालक के होश में रहने पर उसने मोबाइल पर छत्रपाल यादव को हादसे की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पहुंचे सपाइयों और ग्रामीणों ने घायलों को निकाला और कानपुर ले गए, जहां डाक्टरों ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया, जबकि चालक सुशील को गंभीर हालत में उपचारार्थ भर्ती किया।
सपा नेता के बेटे की मौत की खबर फैलते ही बसपा विधायक राजनारायण बुधौलिया के अलावा अन्य दलों के नेताओं का जमावड़ा लगा रहा। मृतक के पिता का बुरा हाल है। बेटे के गम में कई बार बेहोश होने के बाद हालत बिगड़ने पर डाक्टरों की टीम बुलाई गई। देर रात तक सांत्वना देने के नेताओं और नागरिकों की भीड़ जुटी रही।