आल्हा चौक पर अनशन करते बुंदेली समाज के कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
सूखाग्रस्त महोबा की जनता पर बिजली महकमे का जुल्म खत्म नहीं हुआ तो पांच अप्रैल से बुंदेली समाज शहर के बिजली पीड़ित परिवारों के साथ उपवास शुरू करेगा। अनिश्चितकालीन अनशन के चौथे दिन भी बिजली विभाग से कोई राहत नहीं मिली। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। अनशनकारियों ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के अवर अभियंताओं को भगा दिया।
बुंदेली समाज के कार्यकर्ता व उपभोक्ता शहर के आल्हा चौक पर बिजली समस्याओं को लेकर अनशन कर रहे हैं। चौथे दिन शुक्रवार को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से आए बिजली महकमे से पीड़ितों का अनशन स्थल पर तांता लगा रहा। पीड़ितों के हाथों में हजारों, लाखों रुपये के बिजली बिल थे।
बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकार ने बताया कि महकमे से पीड़ित नागरिक अनशन स्थल को विद्युत विभाग का कैंप समझ रहे हैं। एक माह पहले लिखित आश्वासन के बावजूद अब तक समाधान केंद्र की शुरुआत नहीं की गई। परेशान लोग इधर उधर चक्कर काट रहे हैं।
बुंदेली समाज के संरक्षक सुखनंदन सिंह यादव एवं अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि विद्युत विभाग पहले अनाधिकृत रूप से काटे गए सभी गरीबों के कनेक्शन जोड़े। इसके साथ ही आल्हा चौक पर समाधान केंद्र खोलकर कार्य शुरू करे। इसके बाद ही अनशन समाप्त होगा।
मांग पूरी न होने पर 5 अप्रैल से उपवास शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर बतीबाबू, रामदत्त तिवारी, गंगाराम मिश्रा, बलवीर, सूरज प्रकाश खरे, एडवोकेट निशांत खरे, अजय बरसैया, योगेश गुप्ता, अशोक पाटकार, रविकांत श्रीवास्तव, निसार अहमद, लालता चौरसिया सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।