महोबा। स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम व संचारी रोग मुक्त अभियान में सफाई कार्य में लापरवाही बरतने और कार्यस्थल पर अनुपस्थित होने पर पंचायतीराज विभाग के पांच सफाई कर्मचारियों को डीपीआरओ ने निलंबित कर दिया है। सहायक विकास अधिकारी को मामले की जांच सौंपते हुए 15 दिन में रिपोर्ट मांगी है।
स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के दौरान डीपीआरओ ने ग्राम पंचायतों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था परखी। ब्लॉक जैतपुर की ग्राम पंचायत महुआबांध के सफाई कर्मचारी रामेश्वर, रावतपुराखुर्द के रामकुमार, बौरा के रामरतन, महेबा के जगभान व चमरुआ के सफाई कर्मचारी अरविंद तैनाती स्थल पर अनुपस्थित मिले। ब्लॉक स्तर से लगाई गई ड्यूटी में अनुपस्थित रहने, पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने, उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने और कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन करने पर इन सभी पांच सफाईकर्मियों को डीपीआरओ चंद्रकिशोर वर्मा ने निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में यह सफाई कर्मी सहायक विकास अधिकारी कार्यालय जैतपुर से संबद्ध रहेंगे और बिना किसी पूर्व अनुमति के अनुपस्थित नहीं होंगे।