महोबा/श्रीनगर। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मारुति वैन और ई-रिक्शा में भिड़ंत से मां-बेटा समेत पांच लोग घायल हो गए। दो की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। अन्य सड़क हादसों में युवक समेत सात लोग घायल हुए हैं।
मध्यप्रदेश के कस्बा नौगांव निवासी नीरज गुप्ता (28) बुधवार की सुबह मारुति वैन से मां राजकुमारी (55) व चाची नेहा (40) के साथ महाकुंभ में स्नान करने जा रहा था। तभी हाईवे पर बरा स्टैंड के पास महोबा की ओर से आ रहे ई-रिक्शा से भिड़ंत हो गई। इससे वैन सवार मां-बेटा समेत तीनों लोग घायल हो गए। ई-रिक्शा सवार श्रीनगर निवासी किशोर (50) और सिजहरी निवासी भारत (55) को भी चोटें आईं। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। किशोर व भारत की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया।
दूसरी घटना में रैपुराकलां निवासी प्रिंस (18) मंगलवार की रात गांव के ही आशाराम (60) के साथ बाइक से घर जा रहा था। तभी झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर तेज रफ्तार किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इससे दोनों उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर घायल हो गए। इसी तरह घटेरी निवासी मेवालाल, भरवारा निवासी राजकुमार, पसवारा निवासी सरजू, किल्हौवा निवासी आकाश व पलका निवासी राजबहादुर अन्य दुर्घटनाओं में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।