संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा/बेलाताल। कोतवाली क्षेत्र के दिसरापुर गांव में वैैवाहिक रस्मों को बीच में छोड़कर दुल्हन परीक्षा देने के लिए महाविद्यालय पहुंची। पति गाड़ी चलाकर पत्नी को परीक्षा दिलाने पहुंचा। वहीं बेलाताल के एसके महाविद्यालय में भी दुल्हन परीक्षा देने के लिए पहुंची।
दिसरापुर गांव निवासी रघुवीर की पुत्री रश्मि की कुलपहाड़ तहसील के भरवारा गांव से रविवार की रात बरात आई थी। सोमवार को उसकी बीए तृतीय वर्ष की परीक्षा थी। विदाई की रस्म बीच में छोड़कर पति धीरेंद्र राजपूत गाड़ी चलाकर पत्नी को परीक्षा दिलाने के लिए साईं कॉलेज ले गया। शिक्षा के प्रति छात्रा का लगाव देख प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार ने उसकी खासी तारीफ की।
उधर, जैतपुर के गेंगवापुरा निवासी जगदीश राजपूत की पुत्री भारती की बरात मध्यप्रदेश के जनपद छतरपुर के कुलवारा गांव से आई थी। सोमवार को उसकी बीए तृतीय वर्ष समाजशास्त्र विषय की परीक्षा थी। परिजनों ने उसे परीक्षा देने के लिए एसके महाविद्यालय भेजा। इस दौरान उसका पति धमेंद्र व बराती परीक्षा समाप्त होने का इंतजार करते रहे।