महोबा। पनवाड़ी थाना क्षेत्र के नटर्रा गांव के पास चेकिंग के दौरान युवक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। हालांकि पुलिस टीम बाल-बाल बच गई। बाद में पुलिस ने घेराबंदी करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचा व कारतूस बरामद किया हैं।
पंचायत चुनाव को लेकर संदिग्धों की धरपकड़ को जगह-जगह चेकिंग शुरू है। शुक्रवार की शाम थाना पनवाड़ी के एसआई अनिरुद्घ प्रताप सिंह, एसआई कमलेश कुमार, कांस्टेबल अभिषेक यादव, जगदीप पटेल के साथ नटर्रा गांव के पास नदी पुल रपटा के समीप वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी एक युवक पुलिस देखकर भागने का
प्रयास करने लगा। पीछा करने पर आरोपी ने तमंचे से पुलिस पर फायरिंग कर दी। हालांकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। बाद में पुलिस ने घेराबंदी करके आरोपी को पकड़ लिया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम बल्दू पुत्र दुलीचंद्र निवासी ग्राम नटर्रा बताया। पुलिस ने आरोपी के पास से 12 बोर का तमंचा व छह कारतूस बरामद किए। आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला व आर्म्स एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया।