कबरई (महोबा)। महिला के शव को शुक्रवार की शाम अंतिम संस्कार के लिए लेकर जा रहे परिजनों व रिश्तेदारों पर शराब के नशे में धुत युवक ने लाइसेंसी दोनाली बंदूक से फायरिंग कर दी। घटना में तीन लोग घायल हो गए। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी को पीटकर घायल कर दिया। सभी घायलों को सीएचसी कबरई से जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना की वजह पुरानी रंजिश बताई गई है।
आंबेडकर नगर निवासी चुनूवाद साहू की पत्नी लवली (36) की गुरुवार दोपहर संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। घटना के समय पति ससुराल अतर्रा गया था। शाम को लौटने पर पत्नी कमरे में मृत मिली थी। शव के पास से शराब के पांच खाली र्क्वाटर भी मिले थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की थी। शाम करीब साढ़े छह बजे परिजन शवदाह गृह जा रहे थे। घर से करीब 200 मीटर दूर नशे में धुत छत्रपाल निवासी सुभाषनगर ने अंतिम यात्रा में शामिल लोगों पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से
मृतका के रिश्तेदार आशाराम साहू (56) व उसका भाई चेतराम साहू (42) निवासी टोलारावत हमीरपुर व पड़ोसी बबलू (40) घायल हो गए। दहशत में भागते समय हामिद मंसूरी का 17 वर्षीय पुत्र मोनू भी गिरकर घायल हो गया। भीड़ ने छत्रपाल की बंदूक छीनकर मरणासन्न कर दिया। बांद बंदूक पुलिस को सौंप दी। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह का कहना है कि सभी घायलों का इलाज चल रहा है। तहरीर मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।