खरेला (महोबा)। क्षेत्र पुपवारा गांव में बहन के चौथी पर ससुराल से मायके आने की खुशी में हुए समारोह में किसी और ने नहीं उसके भाई शिव कुमार ने ही तमंचे से हर्ष फायरिंग की थी। पुलिस ने गुरुवार को आरोपी को घर के पास ही गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।
पुरवारा गांव निवासी शिव कुमार की बहन नेहा की शादी एक माह पहले हुई थी। नेहा चौथी होने पर घर लौटी थी। इस खुशी में परिजनों ने एक समारोह किया था। उसी में हर्ष फायरिंग हुई थी, जिसमें शिव कुमार और उसका भतीजा मनोज छर्रे लगने से जख्मी हो गए थे। मामले में पुलिस ने गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना अनिल कुमार ने बताया कि हर्ष फायरिंग नव विवाहिता के भाई शिव कुमार ने की थी। उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। (संवाद)