संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। शहर के मोहल्ला सत्तीपुरा में कुआं पूजन कार्यक्रम के दौरान दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया। तमंचे से हवाई फायरिंग करते हुए न सिर्फ दहशत फैलाई बल्कि चाचा-भतीजे को लोहे की रॉड से हमलाकर घायल कर दिया। गंभीर हालत में दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सत्तीपुरा निवासी प्रभुदयाल के घर कुआं-पूजन कार्यक्रम चल रहा था। तभी छह से अधिक दबंग शराब के नशे में वहां पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। विरोध करने पर फायरिंग की। जिससे दहशत फैल गई। बाद में आरोपी बाइक छोड़कर मौके से भाग गए। कुछ देर बाद दोबारा आरोपी पहुंचे और लोहे की रॉड से हमला शुरू कर दिया। मारपीट में प्रभुदयाल व उसका भतीजा सूरज गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पीड़ितों ने बताया कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। जिन्होंने जानलेवा हमला किया। कोतवाली प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।