कानपुर-सागर हाईवे पर विद्या ग्रेनाइट के पास बुधवार की सुबह करीब चार बजे दो डंपरों की भिड़ंत हो गई, जिससे दोनों वाहनों में आग लग गई। आग से एक डंपर का चालक और दूसरे डंपर के क्लीनर की जिंदा जलकर मौत हो गई।
दूसरे डंपर के चालक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है। दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इस दौरान करीब तीन घंटे हाईवे पर यातायात बाधित रहा।
कानपुर नगर के मंगला विहार निवासी रामपाल (25) मंगलवार की रात अपने भांजे (क्लीनर) प्रांशू पाल (20) पुत्र संजय निवासी रामादेवी जिला कानपुर के साथ श्यामकृपा रोडलाइंस का खाली डंपर लेकर गिट्टी लेने पत्थर मंडी कबरई आ रहा था।
रास्ते में प्रांशू डंपर चलाने लगा और रामपाल बगल की सीट पर बैठ गया। तभी हाईवे पर विद्या ग्रेनाइट के पास कानपुर जा रहे गिट्टी लदे डंपर से डंपर की भिड़ंत हो गई। जोरदार टक्कर दोनों डंपरों में आग लग गई, जिसमें चालक और क्लीनर केबिन में फंसे होने की राहगीरों ने पुलिस व फायर ब्रिगेड को जानकारी दी।
फायर कर्मियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई, लेकिन तब तक प्रांशू पाल और दूसरे डंपर के चालक शिवकुमार (35) पुत्र हुकुम सिंह बरौनीखुर्द दतिया की आग से जलकर मौके पर ही मौत हो गई। रामपाल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया। सुबह सात बजे पुलिस ने जेसीबी व क्रेन की मदद से डंपरों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।