चरखारी (महोबा)। कोतवाली चरखारी के भटेवराकलां गांव में रविवार की देर रात दो सगे भाइयों के घरों में आग लग गई जिससे हजारों की गृहस्थी जलकर बर्बाद हो गई। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
भटेवराकलां निवासी उमेश राजपूत और उसके भाई किशन के मकान अगल-बगल हैं। दोनों भाई खेती-किसानी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। रात को परिवार के लोग भोजन करने के बाद सो गए। देर रात मकान में अचानक आग लग गई। आग ने दोनों सगे भाइयों के मकानों को चपेट में ले लिया। लपटें व धुएं का गुबार उठने पर परिजन की नींद खुल गई और उन्होंने किसी तरह बाहर निकल जान बचाई। शोर-शराबा सुनकर पड़ोसी एकत्र हो गए। उन्होंने आसपास स्थित जलस्रोतों से पानी लाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
दो घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझ सकी लेकिन तब तक मकान में रखी गृहस्थी, खाद्यान्न समेत कीमती सामान जल गया। पीड़ितों ने बताया कि आग की घटना में 15 क्विंटल गेहूं समेत करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना पर लेखपाल सुभाष यादव ने अग्निकांड में हुई क्षति का आकलन कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी है।