फोटो 22 एमएएचपी 09 परिचय-सड़क पर आग का गोला बनी कार को पानी डालकर बुझाता दमकलकर्मी। संवाद
कुलपहाड़ (महोबा)। नौगांव से कुलपहाड़ आ रही कार में बुधवार रात करीब 11:30 बजे बेलाताल और कुलपहाड़ के बीच एसके महाविद्यालय के पास अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि चालक समेत कार में सवार पांचों लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।
मध्यप्रदेश के नौगांव की ओर से आ रही कार के अचानक आग का गोला बन जाने से अफरातफरी मच गई। कार मालिक बांदा के कंचनपुरवा निवासी सुमिला देवी ने बताया कि चलते समय कार से तार जलने की गंध आने लगी। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही कार में आग लग गई। कुछ ही देर में कार आग का गोला बन गई और जलकर बर्बाद हो गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कुलपहाड़ थाना पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर कार को सड़क किनारे कराया। कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाई। कार सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।