-दस लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर भेजा मायके
-दूसरी शादी करने की धमकी देने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने व मायके भेजते हुए दूसरी शादी करने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर के झलकारीबाई निवासी स्वाति ने महिला थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी पांच फरवरी 2026 को निहाल गुप्ता के साथ हुई थी। शादी के समय मांग के अनुसार भरपूर दान-दहेज दिया गया था। आरोप है कि पहली विदा में जब वह ससुराल तेलीबाग जनपद लखनऊ गई तो पति ने साथ रहने से इनकार कर दिया। कहा कि जब तक पिता से दस लाख रुपये नहीं लाओगी, तब तक दांपत्य संबंध नहीं रखेगा। बाद में ससुरालीजनों ने उसके साथ मारपीट की। कहा कि निहाल एक कंपनी में इंजीनियर है और उसका वेतन 1.80 लाख रुपये है। यदि, मांग पूरी नहीं हुई तो वह दूसरी शादी कर लेगा। इसके बाद ससुरालीजन उसे मायके छोड़ गए। दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई लेकिन ससुरालीजन नहीं माने और दस लाख रुपये देने की मांग पर अड़े रहे। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति निहाल, ससुर प्रमोद गुप्ता, सास अंजू, देवर रिशू गुप्ता व ननद दिव्या के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। उधर, महिला थानाध्यक्ष निकिता शुक्ला का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
किशोरी व युवती लापता, प्राथमिकी दर्ज
महोबा। अलग-अलग स्थानों से किशोरी और युवती के लापता होने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि 21 जुलाई को उसकी बेटी घर पर अकेली थी। तभी गांव का ही नीतू साहू उसकी बेटी को भगा ले गया। पुलिस से शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। तब पीड़ित ने न्यायालय का सहारा लिया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक अन्य घटना में थाना खन्ना के एक गांव निवासी युवक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका साढ़ू अपनी 14 वर्षीय बेटी को उसके घर पढ़ाई के लिए छोड़ गया था। 28 सितंबर को किशोरी कोचिंग जाने की बात कहकर घर से निकली। घर न लौटने पर खोजबीन की। बाद में पता चला कि सर्वेश कुशवाहा उसे बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। किशोरी अपने साथ घर पर रखे 50 हजार रुपये व सोने-चांदी के आभूषण भी ले गई। पुलिस ने आरोपी सर्वेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (संवाद)