श्रीनगर (महोबा)। युवती को परेशान करने के मामले की श्रीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराकर घर लौट रहे पिता-पुत्री समेत तीन लोगों पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत आठ पर प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
थाना श्रीनगर के एक गांव निवासी युवक ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसकी बहन को मोहल्ले का ही एक युवक आते-जाते समय लगातार परेशान करता है। इसकी शिकायत करने उसके पिता, चाचा व बहन थाने गए थे। घर लौटते समय रास्ते में पंचायत भवन के पास आठ लोगों ने लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इससे तीनों को गंभीर चोटें आईं। घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने अवनीश दीक्षित, उसके भाई मनीष व छह अज्ञात लोगों के खिलाफ छेड़खानी, मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। सीओ रविकांत गोंड का कहना है कि श्रीनगर क्षेत्र के एक गांव में मामूली बात को लेकर विवाद हुआ। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।