महोबा। दुकानों में भीड़ लगाने और मास्क न लगाने पर शहर कोतवाली पुलिस ने चार दुकानदारों पर रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस की कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मचा है। तहसील चौराहे में दयाशंकर चौरसिया की दुकान है। वहां एक दर्जन से अधिक लोग बिना सामाजिक दूरी के खड़े मिले, जबकि दुकानदार ने मास्क नहीं लगाया था।
इसी तरह दुुकानदार अनाड़ी लाल, रामसुजान व साधू रैकवार की दुकानों में भीड़ मिली। पुलिस ने चारों के खिलाफ शहर कोतवाली में नियमों के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं एसपी मणिलाल पाटीदार के निर्देशन में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत मास्क न लगाने वाले 196 लोगों का चालान कर 37,450 रुपये जुर्माना वसूला गया। यातायात नियमों के उल्लंघन में 38 वाहनों के ई-चालान किए गए।