महोबा। जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को औचक निरीक्षण करने पहुंचे संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य चित्रकूटधाम मंडल बांदा डॉ. अभय प्रताप सिंह को कई अव्यवस्थाएं मिलीं। इमरजेंसी वार्ड में जगह-जगह गंदगी और खराब सफाई व्यवस्था देखकर वह भड़क गए। उन्होंने सफाई सुपरवाइजर को मौके पर तलब कर कड़ी फटकार लगाई। चेतावनी दी कि अगले निरीक्षण में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली तो संबंधित सफाई कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान आईपीएचएल लैब में मरीजों की भीड़ व कुछ कर्मचारियों के अनुपस्थित मिलने पर भी नाराजगी जताई। प्रभारी चीफ फार्मासिस्ट को अतिरिक्त कर्मचारी तैनात कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। सीएमएस कार्यालय के पास टेलीमेडिसिन कक्ष बंद मिलने पर कारण पूछा। इमरजेंसी के मुख्य गेट पर दोपहिया और चारपहिया वाहन बेतरतीब खड़े मिले। इससे एंबुलेंस का रास्ता बाधित होने पर संयुक्त निदेशक ने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड व सुरक्षाकर्मियों को कड़ी चेतावनी दी।
उन्होंने इमरजेंसी में भर्ती घायल मरीजों का हालचाल जाना व डॉ. अमित कुमार राजपूत को बेहतर उपचार के निर्देश दिए। माइनर ओटी में मरीज के साथ केवल एक तीमारदार को प्रवेश देने को कहा ताकि इलाज में बाधा न आए। दवा वितरण कक्ष में दवाओं की उपलब्धता और वैधता जांची। साथ ही मरीजों व तीमारदारों से सुविधाओं का फीडबैक लिया। इस मौके पर सीएमएस डॉ. सुरेश कुमार, फार्मासिस्ट मनोज सैनी आदि रहे।