कबरई (महोबा)। सिद्धबाबा मेला परिसर में आयोजित दो दिवसीय दंगल के समापन पर बनारस के अच्छे पहलवान ने दस मिनट के अंदर दांवपेच दिखाकर बिहार के पहलवान नरेंद्र को पटकनी देकर 11 हजार का पुरस्कार जीत लिया। दर्शकों ने खुलकर जीते पहलवान को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। आधा दर्जन कुश्तियां बराबरी पर छूटी।
हमीरपुर विधायक युवराज सिंह ने दंगल समापन की पहली कुश्ती का शुभारंभ बिहार और बनारस के पहलवान नरेश तथा अच्छे के हाथ मिलवाकर किया। जिसमे बनारस के पहलवान अच्छे ने बाजी मार ली। फिर अतर्रा के फाजिल ने कानपुर के राजा को लंबी जद्दोजहद के बाद चित किया। वहीं पढ़ोरा के रानू पहलवान बांदा के रामफल, चंडीगढ़ के दिनेश झांसी के अहसान, कानपुर के मुस्तकीम और इलाहाबाद के राजू की कुश्तियां बराबर पर छूटी। वहीं प्रीतम झांसी ने सुरेश उन्नाव को हरा दिया। दंगल के समापन के अवसर पर बोलते हुए हमीरपुर विधायक ने कहा कि कुश्ती कला प्राचीन काल से चली आ रही है। जिसे अब और अधिक जीवंत करने की आवश्यकता है। लोग कुश्ती से किनारा करते जा रहे हैं और नियमित खान-पान से दूरी बनाते जा रहे हैं। जिससे अब लोगो को इस ओर मोड़ने को आवश्यकता है।
समय-समय पर होने वाले दंगल हमे अपने शरीर की बौद्धिक क्षमता के निखार में भी सहायक होते है। इस दौरान आयोजक शिवपाल तिवारी, पूर्व एमएलसी जयवंत सिंह, सपा नेता पुष्पेंद्र यादव, चरखारी चेयरमैन मूलचंद्र अनुरागी, कबरई चेयरमैन मूलचंद्र कुशवाहा, जिला कॉपरेटिव बैंक अध्यक्ष चक्रपाणि त्रिपाठी, महोबा चेयरमैन प्रतिनिधि सौरभ तिवारी, राजेंद्र शिवहरे, सत्तू महाराज, दिलीप तिवारी, रितिक, पवन सहित हजारों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे।