कबरई (महोबा)। फर्जी रायल्टी से गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे ट्रक को खनिज विभाग की टीम ने पकड़ लिया। खनिज अधिकारी की तहरीर पर ट्रक मालिक, चालक व बिना रायल्टी के गिट्टी बिक्री करने वाले क्रशर संचालक के खिलाफ खनिज अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जिले में खनिज रायल्टी की कमी व महंगी दर होने का फायदा उठा कर रायल्टी माफिया व लोकेटर कंप्यूटर से कूटरचित फर्जी ई-रायल्टी के माध्यम से उप खनिज लदे ट्रकों को खनिज बेरियर से पार कराते हैं। मंगलवार की रात खनिज अधिकारी शैलेंद्र सिंह टीम के साथ चेकिंग अभियान चला रहे थे। तभी बांदा मार्ग पर खनिज बेरियर के समीप एक ट्रक को रोककर जांच की गई। ट्रक चालक द्वारा दिखाई गई रॉयल्टी फर्जी निकली। साथ ही जय ग्रेनाइट का जीएसटी बिल भी फर्जी निकला। जांच में पता चला कि इस नाम की कोई क्रशर संचालित ही नहीं है।
ट्रक चालक ने पूछताछ में बताया कि उसने डहर्रा स्थित एक क्रशर प्लांट से बिना बिल व रायल्टी के ग्रिट लोड कराया था जबकि बिल व रायल्टी हिमांशु नामक युवक से ली थी। खनिज अधिकारी की तहरीर पर मौदहा निवासी ट्रक मालिक शोएब अहमद, हिमांशु, अज्ञात चालक व अन्य सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।