पनवाड़ी (महोबा)। थानाक्षेत्र के ग्राम गुगौरा में घरेलू कलह से तंग आकर एक युवक ने नीम के पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्राम गुगौरा निवासी देशराज (32) पुत्र गजोधर का आए दिन घर में विवाद होता रहता था। एक पखवाड़ा पहले उसकी पत्नी भी अपने मायके चली गई। पति के फोन करने के बाद भी पत्नी घर नहीं आई। उधर पहले से ग्रह कलह से परेशान देशराज सोमवार की देर शाम को घर के नजदीक लगे नीम के पेड़ में रस्सी बांधकर फांसी पर झूल गया। कुछ देर बाद आसपास के लोगों ने लटका देख परिजनों को सूचना दी।
परिजनों ने मौके पर पहुंचकर युवक का शव नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से घर में कोहराम मच गया। छोटे-छोटे बच्चे बिलख रहे हैं। देशराज अपने पीछे दो बच्चे बब्लू (04) और किशन (02) छोड़ गया है।