तहसील में कृषि केंद्र एग्रो जंक्शन स्थापित होने से अब किसानों को उच्च गुणवत्ता के बीज, कीटनाशक दवा व खाद मिल सकेगी। इसका उद्घाटन सोमवार को एसडीएम विनय कुमार पाठक व सीओ विनोद सिंह ने तहसील कुलपहाड़ में फीता काटकर किया। इससे नकली उत्पादों पर भी रोक लगेगी।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रत्येक तहसील में कृषि केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया है। जिसके तहत सोमवार को एग्रो जंक्शन केंद्र की स्थापना की गई। एसडीएम ने बताया कि एग्रो जंक्शन की जिम्मेदारी एग्रीकल्चर से स्नातक व्यक्ति को सौंपी जाएगी। इसमें मृदा परीक्षण के अलावा किसानों को उर्वरक
के उपयोग की जानकारी दी जाएगी। सीओ ने कहा कि आज सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी व नकली उत्पादों की है। इन केंद्रों के खुलने से दोनों समस्याओं का निराकरण होगा। एग्रो जंकशन के प्रोपराइटर रोहित पटैरिया ने बताया कि यह केंद्र अनुबंध के आधार पर काम करेगा। उर्वरक माइक्रो न्यूट्रीएंट बीज, जैव
उर्वरक वरनी कंपोज सहित अनेक चीजें सब्सिडी पर मिलेंगी। सब्सिडी का पैसा सीधा किसानों के खाते में जाएगा। इस मौके पर आनंद यादव, अनिल अरजरिया, सुरेश पटैरिया, नंदराम सहित कृषि विभाग के कर्मचारी व किसान मौजूद रहे।