अजनर (महोबा)। साधन सहकारी समिति अजनर में आखिरकार दो दिन के इंतजार के बाद खाद का वितरण हुआ। हालांकि सुबह से खाद वितरण का इंतजार कर रहे किसानों को शाम तक खाद के लिए इंतजार करना पड़ा। इस दौरान चेक के आधार पर 105 किसानों को 300 बोरी खाद वितरित की गई जबकि कई किसान खाद न मिलने पर मायूस होकर लौट गए।
अजनर साधन सहकारी समिति में पिछले दो दिन से खाद वितरण बंद होने से किसान परेशान थे। शनिवार को खाद मिलने की उम्मीद में किसान सुबह से ही समिति पहुंच कर टोकन मिलने का इंतजार करते रहे। हालांकि, टोकन वितरण के लिए सचिव और तहसील स्तर से कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। समिति सचिव भूप किशोर ने पहल करते हुए समिति में पंजीकृत करीब 105 किसानों को चेक के आधार पर 300 बोरी खाद का वितरण किया। खाद वितरण शुरू होने से सुबह से इंतजार कर रहे किसानों ने राहत की सांस ली। इस दौरान किसान अपने नाम की आवाज लगाए जाने का इंतजार करते रहे। खाद लेने के लिए किसानों को काफी प्रतीक्षा करना पड़ी। कई किसान खाद न मिलने से परेशान नजर आए। रामकिशोर, दीपक, प्रमोद आदि ने बताया कि लगातार चक्कर लगाने के बाद भी खाद न मिलने से वह परेशान हैं।