महोबा। भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में हुई। जिसमेंं किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। साथ ही बारिश से बर्बाद हुई फसल का किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की गई।
यूनियन के मंडल अध्यक्ष बलराम तिवारी ने कहा कि नगर पंचायत में मानक के विपरीत काम कराया गया। घटिया निर्माण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। कुलपहाड़ नगर पंचायत व ग्रामीण में मनमाने तरीके से की गई चकबंदी की जांच शीघ्र कराकर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। कुलपहाड़ में 40 साल पहले डाली गई पाइपलाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। नमामि गंगे योजना के तहत नई पाइपलाइन डाली जाए। जिलाध्यक्ष स्वामी प्रसाद राजपूत ने कहा कि बारिश से बर्बाद फसल का किसानों को मुआवजा दिलाया जाए। खाद की आपूर्ति तत्काल प्रभाव से समितियों को दी जाए और किसानों को उपलब्ध कराई जाए। इस मौके पर ओमप्रकाश, पूरनलाल, खेमचंद्र, महाराज सिंह, पवन कुमार, बृजनंदन, सदारी, रामबाबू, बृजेश सिंह, विनोद कुमार, प्रीतम सिंह, सरोज कुशवाहा आदि मौजूद रहे।