महोबा। किसानों ने ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा मांगा है। तहसील परिसर में प्रदर्शन कर नुकसान का सर्वे कराने की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के छिकहरा व बरात पहाड़ी के किसान जयराम, मातादीन, कपूरा, जयपाल, गोपाल, ताहर सिंह, छुपकी, धन्नू, मर्दन, दृगपाल, नरेश, कंधीलाल, नंदराम समेत एक सैकड़ा से अधिक किसान बर्बाद फसलों को लेकर सड़कों पर उतर आए। किसानों का कहना था कि किसी तरह कर्ज लेकर खाद-बीज का इंतजाम करके फसलों की बुुआई की थी लेकिन कुदरत के कहर ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया। मटर, चना, मसूर, लाही, गेहूं आदि की फसलों में 90 फीसदी नुकसान हुआ है। कर्ज की अदायगी व सालभर के परिवार के भरण-पोषण की समस्या खड़ी हो गई है।
किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर जल्द मुआवजा राशि दिलाए जाने की मांग की है।