फोटो 05 एमएएचपी 02 परिचय-कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर विरोध जताते एसोसिएशन के पदाधिकारी व किसान। स
महोबा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत दावा भुगतान में अनियमितता और देरी को लेकर जय जवान जय किसान संघ ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। 50 से अधिक किसानों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर विरोध जताया। किसानों ने मामलों की जांच कर बीमा कंपनी पर कार्रवाई की मांग की है।
संघ के अध्यक्ष गुलाब सिंह राजपूत और उपाध्यक्ष मनोहर सिंह के नेतृत्व में अनिल, नंदराम, राजकुमार राजपूत, सुरेश कुमार, पदम सिंह, रामसिंह आदि ने कलक्ट्रेट में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने अपर जिलाधिकारी मोईनुल इस्लाम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि खरीफ 2025 में दैवीय आपदा से मझलवारा, बसौरा, बरीपुरा, करहराकलां आदि गांवों में फसलों को भारी नुकसान हुआ। राज्य सरकार ने आर्थिक सहायता दी लेकिन बीमा कंपनी ने दावे का भुगतान नहीं किया। 10 माह बाद भी असफल बुआई वाले गांवों में बीमा दावा नहीं मिला। नियमानुसार दावा तीन माह के भीतर मिलना चाहिए।