सरकारी योजनाओं में धांधली और पात्रों को लाभ न मिलने से नाराज बुंदेलखंड किसान यूनियन के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने विकासखंड पनवाड़ी कार्यालय का घेराव कर वहां धरना दिया। इस दौरान किसानों ने बीडीओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में मांगों का ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।
बुंदेलखंड किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल शर्मा के नेतृत्व में पांच सैकड़ा से अधिक किसानों ने गुरुवार को विकासखंड पनवाड़ी कार्यालय पहुंच घेराव किया। इस दौरान बीडीओ व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित किसान कार्यालय में ही धरने पर बैठ गए। किसानों के हंगामा की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्यालय का मुख्य गेट बंद कर दिया और किसानों को समझाने का प्रयास किया। धरने को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि दैवी आपदाओं के प्रकोप से बुंदेलखंड का किसान कराह रहा है। सरकार विभिन्न योजनाएं चला रही है, लेकिन पात्रों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने समाजवादी पेंशन, लोहिया आवास, समाजवादी राहत पैकेट और सूखा राहत में जमकर धांधली किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के कारण अफसर तो मालामाल हो रहे हैं, लेकिन गरीबों को राहत नहीं मिल रही है। बाद में पदाधिकारियों ने तहसीलदार कुलपहाड़ रामजी को ज्ञापन सौंप सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने की मांग की है। धरने में प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार गौतम, जिलाध्यक्ष राम स्वरूप यादव आदि किसान रहे।