गहरौली (हमीरपुर)। बीते 31 मार्च को हादसे में घायल किसान की बुधवार रात इलाज के दाैरान झांसी मेडिकल काॅलेज में माैत हो गई। बेटे की तहरीर पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थानाक्षेत्र के अलरा गांव निवासी किसान लल्लू सिंह (60) बीते 31 मार्च को ट्रैक्टर में गेहूं लादकर अपने बेटे शिवकुमार के साथ मुस्करा मंडी गेहूं बेचने पहुंचा था। वहां किसान आढ़ती को गेहूं की बानगी दिखाकर पैदल ही अपने ट्रैक्टर के पास लाैट रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे बेकाबू ट्रैक्टर ने लल्लू सिंह को टक्कर मार दी थी। शिवकुमार पिता को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज झांसी ले गए थे जहां बुधवार देर शाम लल्लू सिंह की मौत हो गई। थानाध्यक्ष योगेश तिवारी ने बताया कि गुरुवार को शिवकुमार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक मयंक राजपूत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।