महोबा। जिले में गर्मी का कहर जारी है। शुक्रवार को लू लगने से एक किसान की मौत हो गई। वहीं, जिला अस्पताल व निजी क्लीनिकों में मौसमी बीमारियों से ग्रस्त मरीजों की भीड़ है। इसमें गंभीर रूप से बीमार मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी खुलते ही मरीजों की भारी भीड़ जुट रही है।
कोतवाली क्षेत्र के बिलवई गांव निवासी नृपत सिंह (50) छह बीघा जमीन पर खेती-किसानी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। दाेपहर को खेत से घर लौटने पर उन्हें लू लग गई। अचेत होकर गिरने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई शिव सिंह ने बताया कि जुताई कराने के लिए नृपत खेत गए थे लेकिन ट्रैक्टर न आने पर जुताई नहीं हुई। इस पर वह घर लौट रहे थे। लू की चपेट में आने से उनकी जान चली गई।
सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. पवन कुमार अग्रवाल का कहना है कि भीषण गर्मी में मरीजों की संख्या बढ़ी है।