फोटो 26 एमएएचपी 10 परिचय-किसान जयपाल राजपूत (फाइल फोटो)। स्रोत: परिजन
पनवाड़ी (महोबा)। दो दिन से लगातार हो रही बारिश अब आफत बन गई है। थाना पनवाड़ी के नकरा गांव में शनिवार की दोपहर कच्चा मकान गिरने से एक किसान की मलबे में दबकर मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस व राजस्व विभाग को दी गई है।
नकरा निवासी जयपाल राजपूत (58) पांच बीघा भूमि में खेती-किसानी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। उसका एक कच्चा मकान खेत में बना था जिसमें पशुओं के लिए भूसा व कृषि उपकरण रखे थे। दो दिन से लगातार बारिश होने पर किसान को आशंका हुई कि भूसा भीग तो नहीं रहा है। भूसा देखने के लिए वह कच्चे मकान के अंदर गया तभी अचानक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। यह देख आसपास खेतों में मौजूद अन्य किसानों ने परिजन को सूचना देते हुए मलबे में दबे जयपाल को बाहर निकालने का प्रयास किया। परिजन ने मलबा हटाकर गंभीर हालत में जयपाल को सीएचसी पनवाड़ी पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे मंगल राजपूत ने बताया कि खेत में बना कच्चा मकान गिरने से पिता की मौत हुई है। सूचना पर नायब तहसीलदार विकास कुमार, लेखपाल बृजेंद्र पाल व थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की जांच कर पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया।
मकान गिरने से हजारों की गृहस्थी बर्बाद
पनवाड़ी। कस्बा पनवाड़ी में धीरेंद्र पालीवाल का मकान बारिश के बीच भरभराकर गिर गया। इससे हजारों की गृहस्थी मलबे में दबकर बर्बाद हो गई। हालांकि, घटना के समय किसी के मौजूद न होने पर कोई हताहत नहीं हुआ। मकान गिरने की सूचना पुलिस और राजस्व विभाग को सूचना दी गई है।
फोटो 26 एमएएचपी 10 परिचय-किसान जयपाल राजपूत (फाइल फोटो)। स्रोत: परिजन