महोबा। कोतवाली कुलपहाड़ के रावतपुरा खुर्द गांव में फसल की पैदावार कम होने से परेशान किसान की सदमे से मौत हो गई। मृतक पर 50 हजार रुपये बैंक का कर्ज था। परिवार के मुखिया की मौत से पत्नी व बच्चों में कोहराम मचा है।
रावतपुरा खुर्द गांव निवासी धरमजीत (35) के पास तीन बीघा भूमि थी। खेती किसानी करके वह परिवार का भरण पोषण करता था। शुक्रवार की शाम तीन बीघा में बोई गई फसल की मढ़ाई होने के बाद बेहद कम पैदावार निकली। खाद बीज की लागत भी न निकलने पर किसान मायूस होकर घर लौट आया। देर रात सीने में दर्द होने पर
वह बेहोश होकर गिर गया। परिजन उसे इलाज जिला अस्पताल लाए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई हरप्रसाद ने बताया कि कई वर्षों से खेती में सही पैदावार न होने से धरमजीत परेशान रहता था। तीन वर्ष पहले आर्यावर्त बैंक से पचास हजार रुपये कर्ज लिया था। कर्ज के अदायगी की चिंता भी सता रही थी। मृतक की पत्नी सोनी व दो बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है।