फोटो 14 एमएएचपी 07 परिचय-मृतक नृपत की फाइल फोटो।
पुरानी रंजिश में कुल्हाड़ी से किसान की हत्या
- खेत से घर लौटते समय दिया घटना को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
अजनर (महोबा)। पुरानी रंजिश में एक किसान की उल्टी कुल्हाड़ी और डंडों से हमलाकर हत्या कर दी। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। पीड़ित के भाई ने घटना की रिपोर्ट थाना अजनर में दर्ज करा दी है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
थाने के ग्राम नगाराडांग निवासी नृपत लोधी (55) पुत्र परमानंद का गांव के ही नृपत पुत्र हीरालाल यादव से काफी समय से रंजिश चल रही थी। करीब 10 साल पहले नृपत ने हमलावरों के पिता को पीट दिया था, इससे उनका हाथ टूट गया था। बुधवार शाम नृपत लोधी अपने खेत से घर की तरफ जा रहा था। तभी गांव में मुन्ना यादव के घर के सामने हरिचंद्र यादव पुत्र नृपत यादव व ओमप्रकाश ने नृपत लोधी पर डंडों और उल्टी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इससे नृपत लोधी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक मणिलाल पाटीदार, पुलिस क्षेत्राधिकारी कुलपहाड़ अवध सिंह, थानाध्यक्ष राधेेबाबू ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष अजनर को जल्द से जल्द घटना का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम लिए भेज दिया है। मृतक के पास 8 बीघा जमीन है। दो पुत्र संदीप (17) व बल्लू (15) और दो पुत्रियां अपने पीछे छोड़ गया है। घटना की रिपोर्ट मृतक के भाई रामकृपाल ने हरिचंद्र यादव, ओमप्रकाश यादव व विजय के खिलाफ दर्ज करा दी है।