फोटो 02 एमएएचपी 06 परिचय-इमरजेंसी में बच्चे को डंसने वाले सांप को दिखाता पिता बबलू। संवाद
महोबा। कोतवाली क्षेत्र के करहराकलां गांव में बुधवार रात एक बालक को सांप ने डस लिया। परिजन झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़कर जिंदा सांप को पॉलिथीन में बंद कर जिला अस्पताल पहुंचे। समय पर इलाज मिलने से बालक की हालत में सुधार है।
करहराकलां निवासी बबलू का नौ वर्षीय बेटा यश रात करीब आठ बजे घर के दरवाजे पर खेल रहा था। इसी दाैरान लकड़ियों के पीछे बैठे सांप ने उसके पैर में डस लिया। बालक के चिल्लाने पर परिजन दौड़े और सांप को पकड़कर पॉलिथीन में बंद कर लिया। बिना देरी किए वह जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचे। मां राजकुमारी ने डॉक्टर को सांप दिखाकर सही इलाज की गुहार लगाई। अस्पताल में मौजूद स्वास्थ्य कर्मचारी और तीमारदार यह देखकर आश्चर्यचकित रह गए।डाॅ. यतींद्र पुरवार ने तत्काल बालक का उपचार किया। उन्होंने बताया कि बारिश में नमी बढ़ने से सांप बाहर निकल आते हैं। बच्चों को अंधेरे में न जाने दें और ग्रामीण खेतों में सावधानी बरतें। डॉक्टर ने सांप के डसने पर झाड़-फूंक में समय बर्बाद न कर तत्काल सरकारी अस्पताल में इलाज कराने की सलाह दी।