माध्यमिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद द्वारा संचालित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गुरुवार से शुरू हो गई। सघन तलाशी के बाद ही परीक्षार्थी कक्षों में प्रवेश कर सके। सेक्टर मजिस्ट्रेटों व उड़नदस्तों ने परीक्षा केंद्रों में पहुंच कर जायजा लिया। केंद्रों के बाहर पुलिस फोर्स तैनात रहा। 1130 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
6:30 बजे डीएवी इंटर कालेज का गेट बंद था। अंदर प्रवेश करने के लिए परीक्षार्थियों की गेट पर भारी भीड़ जमा थी। परीक्षार्थी गेट खुलने के इंतजार में थे। कालेज के सामने धीरे-धीरे परीक्षार्थियों की भारी भीड़ जमा हो गई। बोर्ड ड्यूटी में लगे टीचरों को भी थोड़ी देर गेट खुलने के इंतजार में रुकना पड़ा। 6:40 बजे जैसे ही गेट खुला छात्र एक साथ विद्यालय के अंदर गए।
7:00 बजे नेहरू इंटर कालेज में परीक्षार्थियों की सघन चेकिंग पाई गई। गेट पर ही दो टीचर लगाए गए थे। जो परीक्षार्थियों की पहले तलाशी लेने के बाद अंदर जाने की अनुमति दे रहे थे। परीक्षार्थियों के पेपर पैड भी बाहर रखा दिए गए। इतना ही नहीं परीक्षा कक्ष के अंदर प्रवेश करने वाले कक्ष निरीक्षकों के मोबाइल भी स्विच ऑफ करा दिए गए।
7:15 बजे राजकीय बालिका इंटर कालेज परिसर में सन्नाटा पसरा हुआ है। गेट पर पुलिस फोर्स तैनात है। जो सभी आने जाने वालों को से पूछतांछ कर रहा है। ड्यूटी कार्ड न लगाए टीचरों को भी अंदर जाने से रोक रहा था। बाद में अंदर से अनुमति मिलने के बाद पुलिस कर्मियों ने उन्हें जाने दिया और प्रधानार्य ने सभी टीचरों को परीक्षा ड्यूटी दौरान कार्ड लगाकर आने के निर्देश दिए।
10:45 बजे परीक्षा खत्म होते ही एक साथ परीक्षार्थियों का हूजूम निकल पड़ा। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के गेट पर परीक्षार्थियों के चेहरे में खुशी थी।परीक्षार्थियों के निकलने के चंद मिनट बाद ड्यूटी पर मुस्तैद पुलिस कर्मी भी निकल गए।