महोबा। जिले की मंडियों व खरीद केंद्रों में शत-प्रतिशत प्रवेश पर्ची जारी करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर जय जवान जय किसान एसोसिएशन लामबंद हो गया है। शनिवार को एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने नारेबाजी कर विरोध जताया। एडीएम शिवध्यान पांडेय को ज्ञापन सौंपकर मांगे पूरी कराए जाने की मांग की।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष गुलाब सिंह राजपूत, मनोहर सिंह के नेतृत्व में सूरज प्रसाद, साहब सिंह, सुरेश कुमार, वंशगोपाल, राजू सिंह आदि किसानों ने तहसील में एकत्र होकर प्रदर्शन किया। एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से मूंगफली का न्यूनतम समर्थन मूल्य 7,263 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। सरकारी क्रय केंद्र खुले नहीं है। वर्तमान में मंडियों में मूंगफली का भाव 4,100 से 5,200 प्रति क्विंटल के बीच चल रहा है। इस तरह से प्रति क्विंटल दो से तीन हजार तक का भारी अंतर होने से खरीद माफिया सक्रिय हैं। यह लोग किसानों से मूंगफली कम दाम पर खरीद रहे हैं। सरकारी खरीद केंद्रों पर प्रभारियों से साठगांठ करके एमएसपी पर बेचने की योजना बना रहे हैं। इससे वास्तविक किसान अपने उचित मूल्य से वंचित रह गए। उन्होंने मंडियों व खरीद केंद्रों में शत-प्रतिशत प्रवेश पर्ची जारी करने और अवैध खरीदारों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। एसडीएम ने इस व्यवस्था को लागू कराने का भरोसा दिया है।