महोबा। समाज कल्याण विभाग की ओर से शहर के वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय में प्रतियोगी परीक्षा की निशुल्क तैयारी के लिए संचालित अभ्युदय कोचिंग में दाखिले के लिए शनिवार को प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। दो पालियों में होने वाली प्रवेश परीक्षा में 794 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
अभ्युदय कोचिंग का नवीन शिक्षण सत्र माह जुलाई से शुरू होना है। कोचिंग में विषय विशेषज्ञों की ओर से प्रतियोगी परीक्षा की निशुल्क तैयारी कराई जाती है। कोचिंग के कोर्स कोआर्डिनेटर विशाल सिंह ने बताया कि प्रथम पाली में एसएससी, रेलवे, उत्तर प्रदेश पुलिस, यूपीएसएससी आदि की तैयारी के लिए प्रवेश परीक्षा सुबह 11.30 से दोपहर 1.30 बजे तक होगी। जिसमें 554 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
दूसरी पाली में सिविल सर्विसेज, यूपीपीसीएस, नीट, जेईई की तैयारी के लिए प्रवेश परीक्षा दोपहर 2.30 से 4.30 बजे तक होगी। जिसमें 240 अभ्यर्थी शामिल होंगे। अभ्यर्थियों को परीक्षा से 15 मिनट पहले पहुंचना होगा। उन्होंने अभ्यर्थियों को आधार कार्ड व प्रवेश पत्र साथ लाने के निर्देश दिए हैं।
बताया कि प्रवेश परीक्षा के दौरान मोबाइल, डिजिटल वॉच आदि पर प्रतिबंध रहेगा। प्रवेश परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं। अभ्यर्थियों के बैठने के लिए सीटिंग प्लान भी तैयार कर लिया गया।