कुलपहाड़/अजनर। तहसील कुलपहाड़ की ग्राम पंचायत बुधवारा में रविवार को राजस्व व पुलिस टीम की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। तालाब के किनारे व्याप्त अतिक्रमण को हटाया गया।
बुधवारा गांव के ग्रामीणों ने एसडीएम कुलपहाड़ डॉ. प्रदीप कुमार से शिकायत की थी। इसमें बताया था कि गांव के कुछ लोग ग्राम पंचायत स्थित तालाब की जमीन पर कब्जा कर खलियान बनाए हुए हैं और उसमें चरही बनकर जानवरों को बांधते हैं। इलाके के लेखपाल की ओर से की गई कार्रवाई के बावजूद कब्जाधारकों ने कब्जा नहीं हटाया। एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार पंकज गौतम ने कानूनगो, लेखपाल व पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और जेसीबी से पक्का कब्जा ढहाया। नायब तहसीलदार का कहना है कि कब्जा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।