महोबा। डीएम गजल भारद्वाज के निर्देश पर कलक्ट्रेट सभागार में आपदा जोखिम न्यूनीकरण विषय पर एक दिवसीय जनपद स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित हुआ। इस दौरान आपदा प्रबंधन के लिए वैज्ञानिक तरीके अपनाने पर जोर दिया गया।
एडीएम वित्त एवं राजस्व कुंवर पंकज की अध्यक्षता में प्रशिक्षण आयोजित हुआ। इस दौरान जनपद में घटित होने वाली घटनाओं के अनुसार आपदाओं के प्रकार, संवेदनशीलता और राहत कार्यों के सरकारी मानकों पर जानकारी व आपदा जोखिम प्रबंधन में आपदा मित्रों एवं अधिकारियों की भूमिका को रेखांकित किया। उपनिरीक्षक महेंद्र ने आगजनी जैसी आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और बचाव कार्यों का प्रयोगात्मक ज्ञान साझा किया। डॉ. सुशील खरे ने बेसिक लाइफ सपोर्ट के तहत प्राथमिक उपचार के तरीके बताए। ताकि अस्पताल पहुंचने से पूर्व घायल की जान बचाई जा सके। डाॅ. सुनील सचान ने सीपीआर से जीवन बचाने के तरीके से बताए। जीजीआईसी सरगम खरे ने सामान्य घटनाओं जैसे नाव दुर्घटना और डूबने से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी। साथ ही आपदा प्रबंधन से संबंधित लघु फिल्मों और वीडियो का प्रदर्शन किया गया।