महोबा। शहर के 33/11 केवी बिजली उपकेंद्र पठा में मंगलवार को कंट्रोल पैनल में नए सीटी (करंट ट्रांसफार्मर) लगाए जाएंगे। साथ ही पैनलों के अनुरक्षण का भी कार्य होगा।
इस दौरान छह घंटे तक शहर के विभिन्न मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। सुबह दस से शाम चार बजे तक बिजली नहीं आएगी। बिजली विभाग के पठा फीडर से शहर के हमीरपुर चुंगी, कलक्ट्रेट, भटीपुरा, समदनगर, विजय सागर पक्षी विहार व शाहपहाड़ी के करीब नौ हजार घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति मुहैया कराई जाती है।
फीडर के कंट्रोल पैनल के सीटी बदले जाने का प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेजा गया था, इसकी स्वीकृति मिल गई है। मंगलवार को फीडर में नए सीटी लगाने का काम होने से सुबह दस से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
उधर, बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता पीयूष कुमार ने उपभोक्ताओं से बिजली व्यवधान के दौरान अपनी वैकल्पिक व्यवस्था कर विभाग का सहयोग करने की अपील की है। (संवाद)