श्रीनगर (महोबा)। आंधी और बारिश के चलते हाईटेंशन लाइन में खराबी आने से क्षेत्र के 42 गांवों की बिजली ठप हो गई। कर्मचारियों की कड़ी मशक्कत से नौ घंटे बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
कस्बा श्रीनगर स्थित 33केवीए उपकेंद्र से क्षेत्र के 42 गांव को बिजली आपूर्ति की जाती है। तीन दिन से हो रही बारिश व आंधी से हाईटेंशन लाइन में खराबी आ गई। शुक्रवार की दोपहर बारिश से बिजली आपूर्ति दोपहर दो बजे से रात 11 बजे तक ठप रही।
इससे श्रीनगर, सिजहरी, भंडरा, ननौरा फीडर से जुड़े गांवों की बिजली आपूर्ति नौ घंटे तक गुल रही। बिजली कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद हाईटेंशन लाइन को दुरुस्त किया। तब जाकर बिजली आपूर्ति चालू हो सकी।
बिजली के अभाव में टंकी न भर पाने से शनिवार की सुबह पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही। इस दौरान उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे।
उधर, अवर अभियंता देवकीनंदन आर्य का कहना है कि लंबी हाईटेंशन लाइन के चलते कर्मचारियों को फाल्ट ढूंढने में परेशानी होती है। अलग फीडर बनाए जाने का कार्य चल रहा है। जल्दी ही समस्या दूर हो जाएगी।