महोबा। कानपुर-सागर हाईवे पर किड़ारी फाटक के पास बाइकों की भिड़ंत में बिजली मिस्त्री की मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत से घर का चिराग बुझ गया। पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले बाइक चालक की तलाश कर रही है।
शहर के बीजानगर रोड सुभाषनगर निवासी प्रदीप प्रजापति (30) बिजली मिस्त्री था। वह ऑर्डर पर साइटों पर जाकर काम करता था। बृहस्पतिवार को वह बाइक से कानपुर के घाटमपुर से बहन रूबी के घर से लौट रहा था तभी किड़ारी फाटक के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ंत हो गई। इससे प्रदीप घायल हो गया जबकि दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक बाइक लेकर भाग गया। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक के चाचा उमाशंकर ने बताया कि प्रदीप घर में इकलौता व अविवाहित था। घटना से पिता रामकिशोर और मां विमला गमगीन हैं। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।
सड़क हादसों में आठ लोग घायल
महोबा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में युवक समेत आठ लोग घायल हो गए। सीमा से सटे प्रकाश बम्हौरी गांव निवासी बीरेंद्र (45) बृहस्पतिवार की सुबह बाइक से किसी कार्य से महोबा आ रहा था। रास्ते में अन्ना मवेशी को बचाने में बाइक अनियंत्रित होकर फिसलने से वह घायल हो गया। इसी तरह मुढ़ारी निवासी मुलिया, भैरवगंज निवासी शमीमा, मुस्करा निवासी ममता, चंद्रपुरा निवासी सारांश, पसवारा निवासी सोमा, कुलपहाड़ निवासी प्रवीण व अनुसूइया अन्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल हो गए। जिला अस्पताल में सारांश और बीरेंद्र की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया।