महोबा।। झांसी-मानिकपुर रेल लाइन में इलेक्ट्रिक ट्रेनें दौड़ने लगी है। इससे यात्रियों की समय की बचत होने से उनमें खासी खुशी है। पैसेंजर ट्रेन से चार घंटे में झांसी की यात्रा होने की बजाय ट्रेन तीन घंटे में झांसी पहुंच रही है। वहीं एक्सप्रेस गाड़ियों के झांसी में इंजन बदलने की समस्या खत्म हो जाने से अब आगरा, दिल्ली का सफर भी कम समय में तय हो रहा है।
झांसी-मानिकपुर रेललाइन में तीन माह पहले इलेक्ट्रिक लाइन का काम पूरा हो गया था। इसके बाद इलेक्ट्रिक लाइन का ट्रायल कराया गया। ट्रायल होने के बाद मालगाड़ियों की इलेक्ट्रिक इंजन लगाकर शुरुआत की गई। लंबे इंतजार के बाद अब इलेक्ट्रिक ट्रेनें भी इस लाइन में दौड़ने लगी है। जिससे एक घंटा 15 मिनट में बांदा पहुंचने वाली पैसेंजर ट्रेन एक घंटे में पहुंच रही। वहीं झांसी पहुंचने में भी एक घंटे की बचत होने लगी है। इलेक्ट्रिक गाड़ियां दौड़ने से लोगों में खुशी है। सारा दिन अब इलेक्ट्रिक ट्रेनें झांसी-मानिकपुर रेलवे ट्रेक पर दौड़ रही है। इससे प्रदूषण की समस्या भी खत्म हो गई है।