अजनर (महोबा)। विद्युत विभाग ने गुरुवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। बिल का भुगतान न होने पर विकासखंड जैतपुर के छह गांवों की बिजली काट दी गई। इससे सभी गांवों में अफरातफरी मची है। ग्रामीणों ने चार वर्ष से बिल न भेजने और अब मनमाना बिल वसूले जाने का आरोप लगाया है।
विकासखंड जैतपुर के खमा, पठारी, नरवारा, चारूआ, रावतपुरा व पसानाबाद के 80 फीसदी से अधिक उपभोक्ताओं ने कई वर्षों से बिजली का बकाया बिल का भुगतान नहीं किया है। गुरुवार को विद्युत विभाग की टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान सभी छह गांवों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। गर्मी का मौसम शुरू होने और बिजली आपूर्ति बंद कर दिए जाने से ग्रामीण परेशान हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग ने आजतक उनके घर बिल नहीं भेजा। अब एक से डेढ़ लाख रुपये का बकाया बताया जा रहा है। चार वर्ष से दैवी आपदाओं के प्रकोप से जूझ रहे किसान बिल की अदायगी नहीं कर पा रहे हैं।
उधर, विद्युत विभाग के अवर अभियंता जयवीर सिंह का कहना है कि वसूली अभियान चलाया जा रहा है, जिन गांवों में 80 फीसदी से अधिक बकाया है। वहां की विद्युत आपूर्ति काटी जा रही है। जो उपभोक्ता बिल जमा करता जाएगा, उसकी आपूर्ति चालू कर दी जाएगी।
उधर, पनवाड़ी में महोबकंठ पावर हाउस के पास बीज गोदाम परिसर में विद्युत समाधान शिविर का आयोजन किया गया। उपखंड अधिकारी विकासचंद्र श्रीवास्तव ने उपभोक्ताओं को विद्युत सरचार्ज योजना की जानकारी दी। शिविर में 18 उपभोक्ताओं के बिल संशोधन किए गए, जबकि 12 से अधिक बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए। अवर अभियंता देवकीनंदन ने बताया कि विद्युत चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। शिविर में 38 उपभोक्ताओं का सरचार्ज योजना के तहत पंजीयन किया गया।