महोबा। राजकीय बालिका इंटर कालेज (जीजीआईसी) में विलंब शुल्क जहां खत्म कर दिया है। वहीं अभिभावक शुल्क भी डेढ़ सौ रुपये से घटाकर 100 रुपये कर दिया गया है। जीजीआईसी में चार हजार से ज्यादा छात्राएं पढ़ती हैं।
जिले में एक बालिका इंटर कालेज होने की वजह से यहां प्रवेश की मारामारी रहती है। यहां दो शिफ्टों में कक्षाओं का संचालन होता है। पर्याप्त संख्या में शिक्षिकाएं व कर्मचारी न होने की वजह से बाहरी शिक्षकों को पढ़ाने के लिए भी रखा जाता है। इन शिक्षिकाओं व कर्मचारियों के वेतन की व्यवस्था अभिभावक संघ की ओर मिलने वाले फंड से होती है। पिछले साल तक यहां प्रत्येक अभिभावक से डेढ़ सौ रुपये सालाना जमा कराया जाता रहा है।
लेकिन इस वर्ष कोरोना काल के चलते इसे घटाकर 100 रुपये कर दिया गया है। वहीं प्रत्येक माह तय तिथि तक फीस जमा न करने पर प्रतिदिन एक रुपये विलंब शुल्क जमा कराया जाता था। इसे भी अब पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। राजकीय बालिका इंटर कालेज प्रशासन की तरफ से लिए गए इन फैसलों से अभिभावकों को काफी राहत मिली है। राजकीय बालिका इंटर कालेज महोबा की प्रधानाचार्य सरगम खरे ने बताया कि एक सप्ताह पहले यह आदेश दिया गया है। फीस में लगने वाला विलंब शुल्क खत्म कर दिया गया है। अभिभावक शुल्क भी घटाया गया है। उन्होंने बताया कि कक्षा 9 से 12 तक छह महीने के लिए 295 रुपये फीस ली जाती है।