पूर्व माध्यमिक विद्यालय भैरवगंज में शिक्षण सत्र के पहले दिन लटका ताला
- फोटो : MAHOBA
महोबा। लॉकडाउन के चलते शिक्षण सत्र के पहले दिन स्कूल नहीं खुल सके। स्कूलों में ताला लटका रहा। आज के दिन जहां बच्चे स्कूलों में शोर मचाते थे, वहीं कोरोना के डर से घरों में कैद होने को मजबूर हैं।
एक अप्रैल से नया शिक्षण सत्र शुरू होते ही शहर की गलियों, सड़कों और विद्यालयों में चहलपहल बढ़ जाती थी। चारों तरफ सुबह से ही स्कूली बच्चे तैयार होकर घरों के दरवाजों पर और बस के इंतजार में सड़क किनारे पहुंच जाते थे। स्कूली बसों के हॉर्न सुनाई देने लगते थे, लेकिन बुधवार को शिक्षण सत्र का पहला दिन खामोशी के साथ गुजर गया।
न तो बसों के हॉर्न सुनाई दिए और न ही बच्चों की चहलपहल दिखाई दी। बच्चों को सुबह से स्कूल भेजने वाले अभिभावक भी घरों में कैद हैं। कान्वेंट स्कूलों में प्रवेश कराने की उम्मीद लगाए तमाम अभिभावक विद्यालय न खुलने से खासा परेशान दिखाई दिए। उन्हें समय से बच्चों के प्रवेश न होने की चिंता सता रही है।