एनआरएचएम के तहत स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न पदों पर संविदा कर्मचारियों की भर्ती में हुई धांधली की जांच शुरू हो गई है। बुधवार को अपर निदेशक स्वास्थ्य ने सीएमओ कार्यालय पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया की बिंदुवार जानकारी ली। उन्होंने चयन समिति में शामिल चिकित्सकों के बयान भी दर्ज किए।
स्वास्थ्य विभाग में जुलाई माह के अंत में नर्स, आयुष चिकित्सक, आयुष फार्मासिस्ट, डाटा इंट्री आपरेटर आदि पदों पर साक्षात्कार कराया गया था। एक सप्ताह बाद भी चयन समिति ने सूची जारी करते हुए आनन-फानन में संविदा कर्मियों को ज्वानिंग लेटर धमा दिए गए थे। संविदा कर्मचारी के पद पर जिन कर्मचारियों का चयन किया गया, उनमें अधिकांश अफसरों के करीबी व नेताओं के रिश्तेदार थे। जिससे संविदा भर्ती में धांधली किए जाने की शिकायत शासन स्तर पर की गई थी, जिस पर प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने जांच के आदेश दिए थे। भर्ती प्रक्रिया में लगे आरोपों की जांच अपर निदेशक स्वास्थ्य को सौंपी गई थी। बुधवार को एडी एसपी त्रिपाठी ने सीएमओ कार्यालय पहुंचकर भर्ती से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। उन्होंने चयन समिति में शामिल चिकित्सकों को बुलाकर उनके बयान लिए। भर्ती प्रक्रिया में धांधली की जांच शुरू होने से अधिकारियों व कर्मचारियों में हड़कंप मचा है। जांच के बाद धांधली में लिप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कार्रवाई होना तय माना जा रहा है।