कबरई (महोबा)। झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर पहरा मोड़ के पास बुधवार की शाम एक ई-रिक्शा ट्रक से टकरा गया। हादसे के समय ट्रक हाईवे के किनारे खड़ा था और ई-रिक्शा चालक के सामने अचानक गाय आ गई। इससे वह अनियंत्रित होकर टकरा गया। हादसे में रिक्शा चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी कबरई पहुंचाया गया।
जनपद हमीरपुर जनपद के इचौली गांव निवासी बृजेश (23) ई-रिक्शा चलाता है। बुधवार की शाम वह मटौंध से सवारी बैठाकर कबरई की ओर आ रहा था। जैसे ही वह खजुरिहा-पहरा मोड़ के पास पहुंचा तो सामने आई गाय को बचाने में ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। दुर्घटना में चालक बृजेश, छानीकलां गांव निवासी बृजेश कुमार (42), उसकी पत्नी रामसखी (36), रामपाल (40) व शिवम (26) घायल हो गए। राहगीरों ने सभी को एम्बुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। जहां रामसखी और रामपाल की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।