महोबा/बेलाताल। झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर चांदो गांव के पास सवारियों से भरा ई रिक्शा ट्रक से टकरा गया। हादसे में ई रिक्शा सवार दंपती समेत सात लोग घायल हो गए जिन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, बाइकों की भिड़ंत में पांच लोग लहूलुहान हुए हैं।
कोतवाली क्षेत्र के पचपहरा गांव निवासी हरदयाल ई रिक्शा चालक है। वह गांव से सवारियां लेकर महोबा में चल रहे कजली मेला स्थल आ रहा था तभी हाईवे पर चांदो गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक से ई रिक्शा की भिड़ंत हो गई। इससे ई रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। चीख-पुकार सुनकर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। दुर्घटना में घायल चालक हरदयाल, बृजभान, उसकी पत्नी ऊषा, बेटा अंकित व बेटी परी और पचपहरा निवासी अंजलि व खुशी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।
दूसरी घटना जैतपुर-श्रीनगर मार्ग पर हुई। बुधवार की शाम ड्योढ़ीपुरा निवासी नरेश (38) अपनी बेटी प्रांजल (17) व बेटे अंशुमन (14) के साथ बाइक से बेलासागर तालाब जा रहा था। तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ंत हो गई। इससे तीनों घायल हो गए जबकि दूसरी बाइक में सवार लुगासी निवासी गिरधारी (30) और कालका (40) को गंभीर चोटेंं आईं। सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। इससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं।