फोटो 19 एमएएचपी 13 परिचय-पहाड़ की गहरी खदान में गिरा डंपर। संवाद
कबरई (महोबा)। थाना कबरई के उटियां गांव में 150 फीट गहरी बंद पत्थर खदान में डंपर गिरने से चालक की मौत हो गई। घटना से परिजनों मेंं कोहराम मचा है। ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पांच साल से बंद पड़ी खदान के चारों ओर न तो बेरीकेडिंग की गई और न ही चेतावनी संकेतक लगाए गए, इससे हादसा हुआ।
कोतवाली क्षेत्र के जुझार गांव निवासी दुर्योधन राजपूत (35) डंपर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। सोमवार को वह क्रशर प्लांट में बोल्डर खाली कर जुझार पहाड़ दोबारा जा रहा था। तभी उटियां मौजे की पांच साल से बंद पड़ी पत्थर खदान के बाद चालक संतुलन खो बैठा। इससे डंपर 150 फीट गहरी पत्थर खदान में गिर गया। खदान में पानी भरा होने से डंपर के आगे का हिस्सा डूब गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला। घटना से मृतक की पत्नी सुधा, बेटी नैंसी, स्वेता व बेटा सागर का रो-रोकर बुराा हाल है। थानाध्यक्ष सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया का कहना है कि दुर्घटना की जांच कराई जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फोटो 19 एमएएचपी 13 परिचय-पहाड़ की गहरी खदान में गिरा डंपर। संवाद