फोटो 06 एमएएचपी 22 परिचय-अर्जुन मुख्य नहर टूटने से संतोषपुरा गांव में किसानों के खेतों में भरा
महोबा। ब्लॉक चरखारी क्षेत्र के अर्जुन बांध से निकली मुख्य नहर की पटरी शुक्रवार की रात संतोषपुरा गांव के पास कट गई। इससे आसपास के खेतों में पानी भर गया। 200 बीघा की फसल डूब गई। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने जेसीबी से नहर को दुरुस्त कराना शुरू कर दिया है।
रबी फसल में किसानों ने खेतों में गेहूं व चना की बोआई की है। पहली सिंचाई के लिए किसानों की मांग पर विभागीय अधिकारियों ने अर्जुन बांध से मुख्य नहर में पानी छोड़ दिया है। नहरों की सफाई और मरम्मत के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए गए लेकिन शुरुआती दौर में ही इसकी पोल खुलने लगी है।
मुख्य नहर के संतोषपुरा गांव के पास टूटने से वीरेंद्र राजपूत, हरनाथ, रतिराम, भग्गूपाल, कालका प्रसाद, कल्ला समेत कई किसानों के खेतों में पानी भर गया। सिंचाई विभाग के इंजीनियर भूपत ने बताया कि नहर में पानी बंद कराकर दुरुस्त कराया जा रहा है। लेखपाल राजकुमार ने सात किसानों के नुकसान का आंकलन करते हुए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी है।