अजनर (महोबा)। जिले के अजनर में 1.50 करोड़ रुपये की बनाई गई पेयजल योजना गर्मी की शुरुआत में धड़ाम हो गई, जिससे कस्बे में पानी को लेकर हायतौबा मच गई। बढ़ते पानी के संकट को लेकर कस्बे में अब टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जा रही है।
गौरतलब है कि ग्रामीणों की प्यास बुझाने के लिए अजनर कस्बे में 1.50 करोड़ रुपये की लागत से अजनर ग्राम समूह पेयजल योजना का निर्माण सिविल शाखा जल निगम ने छह साल पहले किया था। कस्बे में 20 किमी की पाइप लाइनों का जाल जलापूर्ति के लिए बिछाया गया था। अलग-अलग चार पंप हाउस के माध्यम से ओवर हेड टंकी में पानी भरकर कस्बे में जलापूर्ति का प्रावधान है।
लेकिन पंप हाउस के पंप भूगर्भ जल स्तर घट जाने के कारण टंकी में पानी पर्याप्त दबाव में नहीं पहुंचा पाते। टंकी में पानी न चढ़ने से लोगों के घरों में लगी टोटियां सूखी पड़ी है। बढ़ते पानी के संकट को लेकर प्रशासन ने अब अजनर में टैंकरों से पानी की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। हालत यह है कि टैंकर आते ही लोग पानी के लिए टूट पड़ते हैं। सुबह से शाम तक कस्बे में टैंकर दौड़ने लगते हैं। इस संबंध में अधिशासी अभियंता भरत सिंह का कहना है कि अजनर पेयजल योजना का फिर से सर्वेक्षण कराकर जलापूर्ति बेहतर करने के इंतजाम कराए जाएंगे।