महोबा। कोरोना काल में ग्राम पंचायत से लगातार अनुपस्थित रहने और सफाई व सैनिटाइज कार्य में रुचि न लेने पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने दो सफाई कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में सफाई कर्मचारियों को अलग-अलग कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
विकास खंड कबरई की ग्राम पंचायत काली पहाड़ी में सफाई कर्मचारी रामेश्वर की तैनाती है। कर्मचारी कई माह से अनुपस्थित चल रहा था। जिसकी शिकायत लोगों ने डीपीआरओ से की थी। जांच में सफाई कर्मचारी के नियमित रूप से तैनाती स्थल में उपस्थित न रहने और कार्य में रुचि न लेने की बात सामने आने पर डीपीआरओ संतोष कुमार ने सफाई कर्मचारी को निलंबित करते हुए सहायक विकास अधिकारी कार्यालय से संबद्ध किया है।
इसी तरह ग्राम पंचायत बिलखी में तैनात सफाई कर्मचारी जयप्रकाश पर भी गांव में जाकर सफाई कार्य न करने का आरोप था। जांच में मामला सही पाए जाने पर डीपीआरओ ने जयप्रकाश को निलंबित करते हुए सहायक विकास अधिकारी कबरई कार्यालय से संबद्ध किया है। उन्होंने सहायक विकास अधिकारी पनवाड़ी दयाराम निर्मल को जांच अधिकारी नामित करते हुए 15 दिन के अंदर जांच आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।